
इंग्लैंड के बर्मिंघम में चल रहे कॉमनवेल्थ गेम्स 2022 में लगातार भारतीय खिलाड़ी बेहतर प्रदर्शन कर रहे है। कॉमनवेल्थ गेम्स के 8वें दिन यानि की कल शुक्रवार 5 अगस्त को भारत ने 6 मेडल जीते है। कुल मिलाकर भारत के पास अब मेडल की संख्या 26 हो गई है। वहीं भारत अब मेडल टैली में 5वें स्थान पर है।
बर्मिंघम में जारी कॉमनवेल्थ गेम्स का आज यानि की 6 अगस्त को 9वां दिन है। गेम्स के 8वें दिन भारतीय खिलाड़ियों ने गोल्ड की बरसात कर दी। कल भारत को 6 मेडल प्राप्त हुए। जिसमें से 3 गोल्ड, 1 सिल्वर और 2 ब्रॉन्ज मेडल शामिल है। सबसे खास बात यह है कि, यह सभी मेडल भारत को रेसलिंग के अलग-अलग प्रतियोगताओं में मिला है। कल भारतीय रेसलर साक्षी मलिक, बजरंग पुनिया और दीपक पुनिया ने गोल्ड जीते। वहीं पहलवान अंशु मलिक को सिल्वर मिला। इसके अलावा भारतीय रेसलर दिव्या काकरान और मोहित ग्रेवाल ने ब्रॉन्ज मेडल जीतने में कामयाबी हासिल की।
कॉमनवेल्थ गेम्स के 8वें दिन भारतीय रेसलर साक्षी मलिक देश के लिए गोल्ड जीतने में कामयाब रही। बता दें कि, साक्षी ने विमेंस 62 किलो भारवर्ग के फाइनल में कनाडा की एना गोडिनेज गोंजालेज को बाय फॉल के जरिए 4-4 से मात दी। वहीं पहले राउंड में साक्षी के खिलाफ एना गोंजालेज ने दो बार टेक डाउन के जरिए 2-2 प्वाइंट हासिल करके 4-0 की बढ़त बना ली थी। कुछ समय के लिए ऐसा लगा कि, साक्षी के हाथ से मुकाबला निकल सकता है। जिसके बाद साक्षी ने दूसरे हाफ के शुरुआत में टेक डाउन से 2 अंक हासिल करके बेहतरीन दांव लगाते हुए कनाडाई खिलाड़ी को पिन करके हरा दिया और गोल्ड अपने नाम कर लिया।
वहीं अपनी इस शानदार जीत के बाद साक्षी थोड़ी इमोशनल दिखी। जीत के बाद पोडियम पर मेडल सेरेमनी के दौरान साक्षी की आँखे नम हो गई। जानकारी के लिए बता दें कि, कॉमनवेल्थ गेम्स में साक्षी ने तीसरा मेडल हासिल किया है। साल 2018 में इन्होंने ब्रॉन्ज मेडल जीता था। जबकि इससे पहले 2014 में सिल्वर मेडल जीता था और इस बार उन्होंने गोल्ड मेडल जीतकर इतिहास रच दिया।